भीलवाड़ा (मनोज शर्मा) मांडल थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बाइक सवार युवक सामने से आ रहे एक रोड रोलर से टकरा गया।
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
मिली जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय रतन (पुत्र रमेश ओड) खड़ेश्वर जी मंदिर के पास से अपने गांव बरण की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार रोड रोलर ने उसकी बाइक को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस के पायलट प्रभु प्रजापत और मेल नर्स गिरिराज पायक तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने लहूलुहान हालत में घायल युवक को मांडल उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद किया था रेफर
चिकित्सकों ने युवक की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे तुरंत उच्च स्वास्थ्य केंद्र के लिए रेफर कर दिया। लेकिन घावों के ताव न सह पाने के कारण युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले, रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

