बिजयनगर में अधिवक्ता रामराज जाट प्रकरण को लेकर अधिवक्ताओं में रोष, आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
बिजयनगर (मनोज शर्मा) बिजयनगर जिला ब्यावर में अधिवक्ता रामराज जाट के साथ कथित मारपीट एवं उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे को लेकर अभिभाषक संघ बिजयनगर ने मुख्यमंत्री के नाम पत्र भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच और संबंधित आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।अभिभाषक संघ की ओर से भेजे गए पत्र में बताया गया कि 2 अगस्त 2026 को पन्ना टावर, बिजयनगर स्थित पार्किंग में कार पार्क करने को लेकर विवाद हुआ। संघ का आरोप है कि इस दौरान संदीप सांखला, ममता सांखला, प्रियांश सांखला व अन्य परिवारजनों द्वारा अधिवक्ता रामराज जाट एवं अन्य के साथ सरिये, लाठी और पत्थरों से मारपीट की गई।पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद राजनीतिक दबाव के चलते अधिवक्ता रामराज जाट के खिलाफ मुकदमा संख्या 316/2026 दर्ज कराया गया। वहीं, रामराज जाट के मित्र संजय गुर्जर की ओर से भी संदीप सांखला, ममता सांखला, प्रियांश सांखला एवं अन्य के खिलाफ मुकदमा संख्या 317/2026 दर्ज कराया गया।अभिभाषक संघ का कहना है कि दूसरे मामले में आरोपियों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से अधिवक्ता समुदाय में रोष है। संघ ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि अधिवक्ता रामराज जाट के खिलाफ दर्ज मुकदमे की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दूसरे प्रकरण में नामजद आरोपियों के खिलाफ किसी भी प्रकार के दबाव के बिना नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
संघ ने पत्र के माध्यम से कहा कि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई होने से अधिवक्ता समुदाय में व्याप्त रोष दूर होगा और कानून के प्रति विश्वास कायम रहेगा।
