17 जून को कृषि उपज मंडी में जुटेगा विप्र समाज; सामूहिक यज्ञोपवीत, भव्य शोभायात्रा और महा ब्रह्मभोज होंगे मुख्य आकर्षण
गुलाबपुरा (मनोज शर्मा) आगामी 17 जून 2026 को कृषि उपज मंडी, विजयनगर में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक ‘विप्र महाकुंभ 2026’ को लेकर गुलाबपुरा क्षेत्र के विप्र ब्राह्मण समाज में अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर गुलाबपुरा में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि क्षेत्र से हजारों की संख्या में विप्र बंधु, मातृशक्ति एवं युवा विजयनगर पहुंचकर इस भव्य आयोजन को ऐतिहासिक बनाएंगे।
“चलो बिजयनगर” का मिला निमंत्रण
बैठक में विजयनगर से पधारे विप्र फाउंडेशन जोन 1F के अध्यक्ष नवीन शर्मा ने महाकुंभ की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने गुलाबपुरा और आसपास के विप्रजनों को “चलो बिजयनगर चलो” के नारों के साथ कार्यक्रम में अधिकतम सहभागिता का निमंत्रण दिया।
“17 जून को आयोजित होने वाला विप्र महाकुंभ केवल एक सामाजिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, संस्कार एवं सामाजिक एकता का विराट महोत्सव होगा।”
— नवीन शर्मा,
अध्यक्ष (विप्र फाउंडेशन जोन 1F)
महाकुंभ के मुख्य आकर्षण एवं कार्यक्रम:
सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार: श्रीराम जन्मभूमि मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के आचार्य पंडित सुनील दीक्षित (काशी) के पावन सान्निध्य में 8 वर्ष से अधिक आयु के बालकों का सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार सम्पन्न कराया जाएगा।
संतों का सान्निध्य: इस अवसर पर परम पूज्य महामंडलेश्वर प्रखर जी महाराज का दिव्य आशीर्वाद भी समाज को प्राप्त होगा।
भव्य शोभायात्रा व कलश यात्रा: विजयनगर के प्रमुख मार्गों से विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें मातृशक्ति सिर पर कलश धारण कर धर्मध्वजा के साथ शामिल होंगी। ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजों और जयघोष के साथ यह यात्रा मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी।
महा ब्रह्मभोज: शोभायात्रा के पश्चात संपूर्ण विप्र ब्राह्मण समाज एक ही जाजम पर बैठकर सामाजिक समरसता और एकता का परिचय देते हुए महा ब्रह्मभोज में सहभागिता करेगा।
इतिहास का स्वर्णिम अध्याय साबित होगा महाकुंभ
प्रदेश सचिव मधुसूदन पारीक ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि विप्र महाकुंभ 2026 समाज के इतिहास का एक स्वर्णिम अध्याय साबित होगा। यह आयोजन समाज की एकता, संगठन शक्ति एवं सांस्कृतिक गौरव का विराट प्रदर्शन है।
सदस्यता अभियान पर जोर
बैठक के दौरान विप्र समाज की मजबूती के लिए सदस्यता फॉर्म भी वितरित किए गए। उपस्थित पदाधिकारियों ने सभी से ज्यादा से ज्यादा समाज बंधुओं से संपर्क कर इन सदस्यता फॉर्म को भरवाने का आग्रह किया।
संकल्प के साथ समापन
बैठक में उपस्थित सर्व ब्राह्मण समाज के अनेक गणमान्य नागरिकों एवं समाजजनों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि गुलाबपुरा क्षेत्र से रिकॉर्ड संख्या में विप्रजन विजयनगर पहुंचेंगे। बैठक का समापन “चलो बिजयनगर चलो” के गगनभेदी जयघोष के साथ हुआ।








