महंगाई, बेरोजगारी और स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर उपखंड अधिकारी को सौंपेंगे महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन
गुलाबपुरा (मनोज शर्मा) देश और प्रदेश में लगातार बढ़ती महंगाई, आसमान छूते पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस के दाम, बिजली-पानी की बदहाल व्यवस्था और युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हुरड़ा और नगर कांग्रेस कमेटी गुलाबपुरा द्वारा आगामी 1 जून 2026 (सोमवार) को सुबह 9:30 बजे एक विशाल विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
बावड़ी चौराहे से शुरू होगा आक्रोश मार्च
नगर कांग्रेस अध्यक्ष महावीर लड्ढा और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हस्तीमल चौधरी ने संयुक्त रूप से बताया कि यह विरोध प्रदर्शन बावड़ी चौराहा से प्रारंभ होगा। यहाँ से सभी कांग्रेस कार्यकर्ता और आमजन एक विशाल आक्रोश मार्च के रूप में सदर बाजार होते हुए उपखण्ड कार्यालय पहुँचेंगे। इसके बाद वर्तमान भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और ब्लॉक हुरड़ा व नगरपालिका क्षेत्र की स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर उपखण्ड अधिकारी (SDM) को महामहिम राष्ट्रपति महोदय के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
वरिष्ठ नेताओं सहित आमजन से जुटने की अपील
पूर्व विधायक (आसीन्द) एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष हगामीलाल मेवाड़ा ने क्षेत्र के सभी कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आमजन से इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है।
“सरकार की गलत नीतियों के कारण आज आम आदमी का जीना मुहाल हो गया है। स्थानीय स्तर पर भी जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है। इस सोई हुई सरकार को जगाने के लिए हम सबको एकजुट होना होगा।”
— हगामीलाल मेवाड़ा, पूर्व विधायक व उपाध्यक्ष (PCC)
इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए क्षेत्र के समस्त वरिष्ठ नेताओं, पूर्व ब्लॉक अध्यक्षों, पूर्व व निवर्तमान पंचायत समिति व जिला परिषद सदस्यों, पूर्व व वर्तमान सरपंचों, अग्रिम संगठनों, प्रकोष्ठ व विभाग अध्यक्षों, मंडल, वार्ड व बूथ अध्यक्षों, पार्षदों, पार्षद प्रत्याशियों, छात्र नेताओं और प्रबुद्ध नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में बावड़ी चौराहा पहुँचने की अपील की गई है।

