बाड़ीग्राम/बिजयनगर (मनोज शर्मा) आगामी 17 जून 2026 को विजयनगर (जिला ब्यावर) में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक विप्र महाकुंभ एवं प्रतिस्थापना समारोह को लेकर बाड़ी ग्राम में विप्र समाज की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विप्र फाउंडेशन जोन 1F के अध्यक्ष नवीन शर्मा के नेतृत्व में समाज के वरिष्ठजन, युवा एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए नवीन शर्मा ने कहा कि विप्र महाकुंभ समाज की एकता, संगठन, संस्कार और सनातन संस्कृति का महापर्व है। उन्होंने समाज के प्रत्येक परिवार से इस ऐतिहासिक आयोजन में सहभागी बनने का आह्वान करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में विजयनगर पहुंचकर समाज की एकजुटता का परिचय दें। नवीन शर्मा ने बताया कि विप्र फाउंडेशन जोन 1F के तत्वावधान में आयोजित इस विराट कार्यक्रम में यज्ञोपवीत संस्कार, महासभा स्वागत एवं सम्मान समारोह, विशाल शोभायात्रा एवं कलश यात्रा, महाआरती, पुष्कर एवं हरिद्वार से पधारने वाले विद्वान पंडितों द्वारा धार्मिक अनुष्ठान तथा विशाल महा ब्रह्म भोज जैसे अनेक भव्य आयोजन होंगे।
उन्होंने कहा कि महाकुंभ में परम पूज्य प्रखर जी महाराज सहित अनेक संत-महात्माओं का पावन सान्निध्य एवं आशीर्वाद प्राप्त होगा, जिससे समाज को नई ऊर्जा एवं प्रेरणा मिलेगी।
बैठक में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। बड़ी संख्या में युवाओं ने महाकुंभ को ऐतिहासिक बनाने के लिए गांव-गांव एवं घर-घर संपर्क अभियान चलाने का संकल्प लिया। समाज के वरिष्ठजनों ने युवाओं के इस जोश की सराहना करते हुए इसे समाज के उज्ज्वल भविष्य का संकेत बताया। बैठक के दौरान “चलो विजयनगर… चलो विजयनगर… ” का उद्घोष गूंजता रहा। समाजजनों ने संकल्प लिया कि बाड़ी ग्राम से रिकॉर्ड संख्या में समाजबंधु विजयनगर पहुंचेंगे और विप्र महाकुंभ को अभूतपूर्व सफलता दिलाएंगे।
बैठक में ओम प्रकाश पांड्या, भवानी सिखवाल, मनीष शर्मा, भरत शर्मा, अरुण शर्मा, शांति लाल शर्मा, पंकज जोशी, प्रद्युम्न व्यास सहित समस्त सिखवाल समाज के युवा एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एकमत होकर महाकुंभ को सफल बनाने हेतु तन-मन-धन से सहयोग करने का संकल्प लिया।अंत में नवीन शर्मा ने सभी विप्र बंधुओं से परिवार सहित कार्यक्रम में पधारने का आग्रह करते हुए कहा कि यह आयोजन समाज के गौरव, संस्कार, संगठन शक्ति और सनातन संस्कृति के वैभव का ऐतिहासिक प्रतीक बनेगा।

