BGPC के तत्वाधान में लोहड़ी पर्व, अमन-चैन और खुशहाली की कामना
बिजयनगर (कमलेश वैष्णव) आपसी भाईचारे, प्रेम और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक लोहड़ी पर्व विजयनगर में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी BGPC के तत्वावधान में 14 जनवरी को श्रद्धा, उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया।इस अवसर पर श्री गुरुद्वारा साहिब में देश, कौम और समाज की खुशहाली तथा अमन-चैन के लिए विशेष अरदास की गई। इसके पश्चात परंपरानुसार लोहड़ी को पावन अग्नि में समर्पित कर पर्व की धार्मिक व सांस्कृतिक परंपराओं का निर्वहन किया गया।कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक भांगड़ा और गिद्दा नृत्य प्रस्तुत किए गए, जिनमें युवाओं व महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पूरे वातावरण को उल्लासमय बना दिया। साथ ही श्री गुरु जी का अटूट लंगर आयोजित किया गया, जिसमें तिल,मूंगफली, रेवड़ी और पॉपकॉर्न का प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया गया।इस सफल आयोजन पर विजयनगर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी BGPC के प्रधान गुरबख्श सिंह सलूजा,सचिव हरप्रीत सिंह टुटेजा एवं खजांची धर्मवीर सिंह टुटेजा ने सभी श्रद्धालुओं, सेवादारों और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे पर्व समाज में एकता, सद्भाव और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करते हैं।

