बिलाड़ा/जोधपुर (मनोज शर्मा) क्षेत्र की होनहार प्रतिभाओं ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अगर दृढ़ संकल्प और सही मार्गदर्शन मिले, तो कोई भी मुकाम हासिल करना नामुमकिन नहीं है। इसी कड़ी में बिलाड़ा की बेटी प्रिंसी सोनी ने देश की सबसे प्रतिष्ठित अभियांत्रिकी प्रवेश परीक्षा आईआईटी (IIT) में शानदार सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रिंसी सोनी, पुत्री अमृत राज सोनी एवं पोत्री सोहनलाल मिरंडिया (गरनिया वाले)बिलाड़ा ने अपनी इस सफलता से न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे बिलाड़ा और सोनी समाज का गौरव बढ़ाया है।
आकाश इंस्टीट्यूट जोधपुर से की तैयारी
प्रिंसी ने अपनी इस सफलता का श्रेय कड़े परिश्रम और सही रणनीतिक मार्गदर्शन को दिया है। उन्होंने देश के प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान ‘आकाश मेडिकल | आईआईटी-जेईई फाउंडेशन्स’ (जोधपुर केंद्र) से अपनी तैयारी पूरी की थी। परीक्षा के परिणाम आने के बाद संस्थान और परिवार में जश्न का माहौल है। संस्थान द्वारा आयोजित एक विशेष समारोह में प्रिंसी सोनी को माला और साफा पहनाकर उनके शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
बधाइयों का लगा तांता
जैसे ही प्रिंसी के आईआईटी में चयन की खबर बिलाड़ा पहुंची, उनके निवास स्थान पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। स्थानीय प्रबुद्धजनों, रिश्तेदारों और समाजसेवियों ने अमृत राज सोनी और सोहनलाल मिरंडिया को मिठाई खिलाकर बधाई दी। ग्रामीणों का कहना है कि प्रिंसी की यह सफलता क्षेत्र की अन्य बालिकाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
“प्रिंसी ने शुरू से ही पढ़ाई के प्रति अटूट लगन दिखाई है। उसकी इस सफलता के पीछे उसकी दिन-रात की मेहनत, शिक्षकों का मार्गदर्शन और पूरे परिवार का आशीर्वाद है।” — सोनी परिवार

