ब्राह्मण समाज की एकता, संस्कृति और स्वाभिमान का बनेगा गवाह; विप्र फाउंडेशन जोन 1F ने झोंकी ताकत
बिजयनगर (मनोज शर्मा) ब्राह्मण समाज की एकता, समृद्ध संस्कृति और स्वाभिमान को सशक्त करने के उद्देश्य से आगामी 17 जून 2026, बुधवार को बिजयनगर के कृषि उपज मंडी परिसर में एक भव्य ‘विप्र महाकुंभ 2026’ का आयोजन होने जा रहा है। विप्र फाउंडेशन (जोन 1F) के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस महाकुंभ को लेकर क्षेत्र में जनसंपर्क, निमंत्रण और सदस्यता अभियान को बड़े पैमाने पर तेज कर दिया गया है।
विप्र फाउंडेशन जोन 1F के अध्यक्ष नवीन शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह महाकुंभ ब्राह्मण समाज के इतिहास में एक भव्य और ऐतिहासिक आयोजन साबित होगा। इसमें देश भर से हजारों की संख्या में विप्रजन हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि इस भव्य कार्यक्रम को परम पूजनीय प्रखर जी महाराज का सान्निध्य और दिव्य आशीर्वाद प्राप्त होगा, जिससे आयोजन की गरिमा और अधिक बढ़ेगी।
घर-घर जाकर दिया जा रहा निमंत्रण
महाकुंभ की सफलता के लिए फाउंडेशन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता दिन-रात जुटे हुए हैं। कार्यकर्ता समाज के विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर जाकर विप्र बंधुओं को महाकुंभ में शामिल होने का पीला चावल और निमंत्रण दे रहे हैं। साथ ही, सदस्यता प्रपत्र भरवाकर संगठन को मजबूत बनाने का कार्य भी युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। इसके अलावा समाज के व्यापारियों, प्रतिष्ठानों, धार्मिक स्थलों, शिक्षण संस्थानों और विभिन्न सामाजिक संगठनों में जाकर लोगों को इस ऐतिहासिक पल का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
भव्य आयोजन की प्रमुख विशेषताएँ:-
इस महाकुंभ को ऐतिहासिक बनाने के लिए कई विशेष सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है:
विशाल शोभायात्रा एवं महिला कलश यात्रा:- हजारों विप्रजनों की भव्य शोभायात्रा और मातृशक्ति द्वारा निकाली जाने वाली भव्य कलश यात्रा से पूरा शहर सनातन जयघोषों से गूंज
उठेगा।
पुष्कर एवं हरिद्वार के विद्वानों द्वारा महाआरती:- देश के पावन तीर्थों से पधारे प्रकांड विद्वान पंडितों द्वारा सामूहिक महाआरती की जाएगी, जो आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति का एक अद्भुत संगम होगी।
महासभा एवं सम्मान समारोह: समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं, भामाशाहों (दानदाताओं) और अग्रणीय समाजसेवियों का भव्य मंच पर सम्मान किया जाएगा।
यज्ञोपवीत संस्कार (मुंज) कार्यक्रम: बालक-बालिकाओं के लिए सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार का आयोजन किया जाएगा, जो युवा पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने और संस्कारवान पीढ़ी निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
विशाल महाब्रह्मभोज: समारोह में पधारने वाले समस्त विप्र बंधुओं के लिए स्वादिष्ट एवं सात्विक भोजन की विशाल व्यवस्था (महाब्रह्मभोज) की जाएगी।
क्या है विप्र महाकुंभ का मुख्य उद्देश्य?
आयोजन समिति के अनुसार, इस महाकुंभ के आयोजन के पीछे निम्नलिखित मुख्य उद्देश्य हैं:
ब्राह्मण समाज की एकता, संगठन और स्वाभिमान को धरातल पर सशक्त करना।
युवा पीढ़ी को सनातन संस्कारों से जोड़ना और सामाजिक चेतना का जागरण करना।
समाज के भीतर शिक्षा, सेवा, संस्कार एवं आपसी सहयोग की भावना को बढ़ावा देना।हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं वैदिक परंपराओं का संरक्षण और संवर्धन करना।
विप्र फाउंडेशन की अपील
विप्र फाउंडेशन जोन 1F (विजयनगर) के अध्यक्ष नवीन शर्मा एवं समस्त पदाधिकारियों ने क्षेत्र के सभी विप्र बंधुओं, मातृशक्ति और युवाओं से विनम्र निवेदन किया है कि वे 17 जून को अधिक से अधिक संख्या में कृषि उपज मंडी, विजयनगर पहुंचकर इस विप्र महाकुंभ 2026 को ऐतिहासिक और सफल बनाएं।

