

जोधपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर सहित कई अन्य केंद्रीय व राजस्थान के मंत्री गुरुवार को जोधपुर आएंगे। इनके अलावा केंद्रीय मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी जोधपुर में होंगे। ये सभी दिन में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद देर शाम को उम्मेद भवन पैलेस में केंद्रीय मंत्री शिवराजसिंह चौहान के पुत्र कार्तिकेय सिंह की शादी में बतौर बाराती शामिल होंगे।आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री शर्मा गुरुवार सायं 5:45 बजे जोधपुर एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। यहां से सायं 6 बजे वे उम्मेद भवन पैलेस जाएंगे। यहां एक घंटा रुकने के बाद वे सायं 7:10 बजे पुन: एयरपोर्ट पहुंचकर जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।इसी तरह, उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी सायं 6:30 बजे जोधपुर आएंगी और उम्मेद भवन पैलेस में होने वाले विवाह समारोह में शिरकत करेंगी। रात्रि विश्राम जोधपुर में ही करने के बाद शुक्रवार सुबह 9:05 बजे वे जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगी।वहीं, ऊर्जा विभाग मंत्री हीरालाल नागर गुरुवार सुबह 11:35 बजे जोधपुर पहुंचेंगे। अपरान्ह 3 बजे वे जोधपुर संभाग के विद्युत विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेंगे। तत्पश्चात शाम को स्थानीय कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। वे रात्रि विश्राम जोधपुर में करेंगे और शुक्रवार सुबह 9:05 बजे जयपुर के लिए रवाना होंगे।
केंद्रीय पर्यटन मंत्री सुबह आएंगे
केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत गुरुवार सुबह 11:50 बजे जोधपुर पहुंच कर मध्याह्न 12:20 बजे अजीत कॉलोनी जाएंगे। देर शाम को वे उम्मेद भवन पैलेस में बतौर बाराती विवाह समारोह में शामिल होंगे। रात्रि विश्राम जोधपुर में करेंगे। शुक्रवार सुबह 8:20 बजे वे एयरपोर्ट पहुंचकर 8:50 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री राजे भी जोधपुर प्रवास पर
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे गुरूवार सुबह 11:50 बजे जोधपुर एयरपोर्ट पर पहुंचेंगी। यहां दिन में स्थानीय कार्यक्रम में शिरकत के बाद देर शाम को कार्तिकेय सिंह के शादी समारोह में पहुंचेंगी। रात्रि विश्राम जोधपुर में ही करेंगी।