जयपुर (मनोज शर्मा) जयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील शर्मा से उनके निवास पर कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठन के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संगठन महासचिव कृष्ण कुमार शर्मा और चिकित्सा प्रकोष्ठ जयपुर के जिला अध्यक्ष डॉ. सुनील राघव ने सुनील शर्मा से मुलाकात की। बैठक के दौरान जयपुर शहर में कांग्रेस की मजबूती और चिकित्सा प्रकोष्ठ के माध्यम से जनसेवा के कार्यों को गति देने पर विचार-विमर्श हुआ।पदाधिकारियों ने क्षेत्र की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों और आगामी कार्यक्रमों में चिकित्सा प्रकोष्ठ की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर भी फीडबैक साझा किया। इस अवसर पर सुनील शर्मा ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी प्रकोष्ठों का समन्वय आवश्यक है और चिकित्सा प्रकोष्ठ जनता के बीच सेवा के माध्यम से पार्टी की साख को और सुदृढ़ करेगा।

