गुलाबपुरा/आसींद (मनोज शर्मा) आगामी 17 जून 2026 को कृषि उपज मंडी, बिजयनगर में आयोजित होने वाले भव्य “विप्र महाकुंभ एवं प्रतिष्ठापना समारोह” की तैयारियों को लेकर विभिन्न स्थानों पर सर्व ब्राह्मण समाज की महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में समाज की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रम को ऐतिहासिक स्वरूप देने पर विस्तार से चर्चा की गई। सिखवाल ब्राह्मण समाज की महिला राष्ट्रीय अध्यक्षा संगीता त्रिपाठी ने बताया कि परम पूज्य स्वामी प्रखर जी महाराज के आशीर्वाद, नवीन शर्मा (अध्यक्ष, विप्र फाउंडेशन जोन 1F) के सान्निध्य एवं मधुसूदन पारीक (प्रदेश सचिव, विप्र फाउंडेशन जोन 1F) के नेतृत्व में आयोजित यह महाआयोजन समाज की एकता, संस्कृति एवं संगठन को नई दिशा प्रदान करेगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विप्र फाउंडेशन एवं आयोजन समिति के पदाधिकारी गांव-गांव जाकर जनसंपर्क कर रहे हैं तथा समाजजनों से अधिकाधिक संख्या में सहभागिता का आग्रह कर रहे हैं। महाकुंभ के अंतर्गत 300 से अधिक बटुकों का सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार विद्वान आचार्यों एवं पंडितों के सान्निध्य में संपन्न कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त 10 हजार महिलाओं की विशाल कलश यात्रा एवं शोभायात्रा, आमसभा, महाआरती तथा महा ब्रह्मभोज जैसे भव्य कार्यक्रम भी आयोजित होंगे, जो इस आयोजन के प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
बैठकों के दौरान विजयनगर से पधारे विप्र फाउंडेशन एवं महाकुंभ आयोजन समिति के पदाधिकारियों एवं अतिथियों का सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर नवीन शर्मा, अध्यक्ष विप्र फाउंडेशन जोन 1F का सरोपा एवं साफा बंधवाकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। वहीं मधुसूदन पारीक, प्रदेश सचिव विप्र फाउंडेशन जोन 1F का दुपट्टा पहनाकर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित महिला शक्ति का भी विशेष सम्मान करते हुए सभी महिलाओं को दुपट्टा ओढ़ाकर स्वागत-सत्कार किया गया। स्वागत समारोह के दौरान समाजजनों में उत्साह एवं उल्लास का वातावरण देखने को मिला। नवीन शर्मा ने बताया कि यज्ञोपवीत संस्कार भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण संस्कार है। यदि इसे उचित विधि-विधान से कराया जाए तो बाल्यावस्था में ही बच्चों में श्रेष्ठ संस्कारों का संचार होता है। उन्होंने समाज के सभी विप्र बंधुओं से अधिकाधिक संख्या में विजयनगर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
वहीं मधुसूदन पारीक ने कहा कि यह कार्यक्रम किसी एक संगठन या क्षेत्र का नहीं, बल्कि संपूर्ण सर्व ब्राह्मण समाज का महाआयोजन है। समाज की एकता एवं शक्ति के प्रदर्शन हेतु प्रत्येक विप्र परिवार की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने सभी समाजजनों से इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।
इसी क्रम में नई जोधड़ास, झरनेश्वर महादेव गायत्री माता मंदिर परिसर, ब्राह्मणों की सरेड़ी, दौलतगढ़, तिलोली एवं आसींद सहित विभिन्न स्थानों पर सर्व ब्राह्मण समाज की बैठकें आयोजित की गईं, जिनमें कार्यक्रम की रूपरेखा, समाज की सहभागिता एवं महाकुंभ की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठकों में समाज के वरिष्ठजनों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अधिकाधिक संख्या में समाज बंधुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
बैठक कार्यक्रम के संयोजक हीरालाल उपाध्याय एवं सत्यनारायण बोहरा (करजालिया) ने सर्व ब्राह्मण समाज के सभी गांवों एवं क्षेत्रों के समाज बंधुओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में बैठकों में भाग लें तथा अपने-अपने क्षेत्रों में समाजजनों को सूचना देकर कार्यक्रम की सफलता में योगदान दें।बैठकों में सर्व ब्राह्मण समाज के पदाधिकारी, प्रबुद्धजन, युवा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।
विप्र फाउंडेशन एवं आयोजन समिति ने समस्त विप्र एवं सर्व ब्राह्मण समाज से 17 जून को बिजयनगर पहुंचकर विप्र महाकुंभ को ऐतिहासिक, भव्य एवं अभूतपूर्व बनाने का आह्वान किया है।

