आइजोल में तैनात थे 30 वर्षीय सुधीर स्वामी, दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं; सैन्य सम्मान के साथ आज होगा अंतिम संस्कार
किशनगढ़ रेनवाल (रामकुमार) मुंडियागढ़ ग्राम पंचायत के चारणवास गांव निवासी सीआरपीएफ के सब इंस्पेक्टर सुधीर स्वामी (30) का ड्यूटी के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही चारणवास गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। दीपावली के त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं।
जानकारी के अनुसार सुधीर स्वामी मिजोरम के आइजोल में तैनात थे। ड्यूटी के दौरान उनका निधन हो गया। जवान की मृत्यु के कारणों का फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है।
बताया गया कि जवान का पार्थिव शरीर शुक्रवार देर शाम जयपुर एयरपोर्ट पहुंची। शनिवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ गांव में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। पार्थिव शरीर रेनवाल पुलिस थाने लाए जाने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
सुधीर स्वामी अपने परिवार में इकलौते बेटे थे। परिवार में उनकी मां और दो बड़ी बहनें हैं, जिनका विवाह हो चुका है। सुधीर स्वयं अविवाहित थे। उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
इस दौरान मुंडियागढ़ सरपंच मंसाराम जाखड़, लूनियावास सरपंच राजेंद्र सिंह सुरपुरा, हरसोली सरपंच मूलचंद रैगर, भाजपा मंडल देहात अध्यक्ष बाबूलाल यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। क्षेत्रवासियों ने जवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए केंद्र सरकार से उन्हें शहीद का दर्जा देने की मांग की। देश की सेवा में समर्पित जवान के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है।

