रूडा बाबा बस स्टैंड स्थित पेट्रोल पंप के पास की घटना, पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी
किशनगढ़ रेनवाल (ज्योति प्रकाश शर्मा) जयपुर ग्रामीण के किशनगढ़ रेनवाल कस्बे में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा रूडा बाबा बस स्टैंड स्थित पेट्रोल पंप के पास हुआ। मृतक युवक पैदल अपने घर जा रहा था, तभी पीछे से आए एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन युवक को कुचलता हुआ मौके से फरार हो गया।हादसे में युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान कमल कुमार उज्जैनिया (22) पुत्र सेडूराम निवासी अम्बेडकर कॉलोनी, पुराने यूको बैंक की गली, किशनगढ़ रेनवाल के रूप में हुई है।घटना की सूचना मिलते ही रेनवाल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर रेनवाल उपजिला अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा जाएगा।

