गुलाबपुरा (मनोज शर्मा) क्षेत्रीय विधायक जब्बर सिंह सांखला विधानसभा के बजट सत्र से निवृत होते ही अपने क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। विधायक सांखला ने क्षेत्र की महत्वपूर्ण परियोजना गुलाबपुरा- बिजयनगर नदी मार्ग के रुके हुए कार्य को लेकर सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के उच्च अधिकारियों की आपात बैठक बुलाई।
बैठक के दौरान विधायक ने मार्ग की उपयोगिता को देखते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्य तुरंत शुरू करने के कड़े निर्देश दिए। सांखला ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों ने लिया संज्ञान, मौके पर पहुंची मशीनरी
विधायक की सख्ती और निर्देशों का असर आज धरातल पर देखने को मिला। PWD के अधिकारियों ने त्वरित संज्ञान लेते हुए आज से ही नदी मार्ग के निर्माण कार्य का श्रीगणेश करवा दिया है। मौके पर पहुंची जेसीबी और निर्माण मशीनों ने कार्य गति पकड़ ली है।
आमजन को मिलेगी राहत
लंबे समय से इस मार्ग के निर्माण की प्रतीक्षा कर रहे स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने विधायक की इस त्वरित कार्रवाई पर हर्ष जताया है। इस मार्ग के तैयार होने से गुलाबपुरा और बिजयनगर के बीच आवागमन सुगम होगा और यातायात के दबाव से भी मुक्ति मिलेगी।

