गुलाबपुरा/भीलवाड़ा (मनोज शर्मा) हिंदू नव वर्ष और चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर गुलाबपुरा का मुख्य बाजार इस बार भक्ति और भव्यता के अनूठे संगम का गवाह बनेगा। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, सर्व हिंदू समाज एवं नव वर्ष आयोजन समिति के तत्वावधान में विशाल कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है।
मुख्य आकर्षण: मार्ग पर बिखरेगी कोल्हापुर के कलाकारों की कला
उत्सव की शुरुआत पूरे मुख्य बाजार मार्ग को आकर्षक बनाने के साथ होगी। इस बार महाराष्ट्र के कोल्हापुर से आए विश्व प्रसिद्ध रंगोली आर्टिस्ट अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। पूरे मार्ग पर बनाई जाने वाली यह विशाल रंगोली उत्सव के उल्लास को और बढ़ाएगी ।
महा दीपदान और वैदिक मंत्रोच्चार
शाम 7:30 बजे ‘महा दीपदान महोत्सव’ के साथ दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। सनातन संस्कृति से ओत-प्रोत इस आयोजन में विद्वान पंडितों द्वारा माँ दुर्गा की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी।
मथुरा के पंडित श्रवण मिश्रा की विशेष प्रस्तुति
इस वर्ष के आयोजन में सोशल मीडिया पर चर्चित और मथुरा के विख्यात पंडित श्रवण मिश्रा का मंत्रोच्चार विशेष आकर्षण रहेगा। गौरतलब है कि हाल ही में प्रसिद्ध उद्यमी गौतम अडानी के कार्यक्रम में उनकी प्रस्तुति की काफी सराहना हुई थी, जिससे वे देश भर में चर्चा का विषय बने थे।
बनारस की तर्ज पर महाआरती और सांस्कृतिक कार्यक्रम
भक्ति के इस सफर में बनारस के प्रसिद्ध घाटों जैसी गंगा आरती का अनुभव गुलाबपुरा में होगा। काशी के वैदिक पुजारियों द्वारा माँ दुर्गा की भव्य महा आरती की जाएगी। साथ ही, स्थानीय वैदिक गुरुकुल के बटुकों द्वारा ‘महिषासुर मर्दिनी स्तोत्र’ और ‘वेद पाठ’ का सामूहिक गायन किया जाएगा।
उत्सव के अन्य मुख्य बिंदु:
आतिशबाजी: महाआरती के पश्चात भव्य आतिशबाजी का प्रदर्शन।
आधुनिक सजावट: कोल्ड फायर, कलर फॉग और बलून रेन जैसे विशेष आकर्षण।
प्रसाद वितरण: कार्यक्रम के समापन पर सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया जाएगा।
आयोजन समिति ने समस्त धर्मप्रेमी जनता से इस भव्य उत्सव में सम्मिलित होकर धर्म लाभ उठाने का आह्वान किया है।

