श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति निर्माण ट्रस्ट ने गौरव सिंह भाला को बनाया चित्तौड़ प्रांत संयोजक
भीलवाड़ा (मनोज शर्मा) श्री कृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति के संकल्प को लेकर कार्यरत श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति निर्माण ट्रस्ट (रजि.), मथुरा द्वारा राजस्थान में संगठनात्मक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए श्री गौरव सिंह भाला को चित्तौड़ प्रांत का प्रांत संयोजक नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति संगठन के विस्तार, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा राजस्थान में श्री कृष्ण जन्मभूमि से जुड़े विषय को व्यापक स्तर पर समाज के सामने रखने के उद्देश्य से की गई है।
ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारियों का कहना है कि जिस प्रकार श्री राम जन्मभूमि आंदोलन ने हिंदू समाज की आस्था के प्रमुख केंद्र श्री राम जन्मभूमि के लिए लंबे समय तक जनजागरण और संगठनात्मक प्रयासों को एक दिशा दी, उसी भाव से आने वाले समय में श्री कृष्ण जन्मभूमि को लेकर भी शांतिपूर्ण, वैधानिक एवं लोकतांत्रिक माध्यमों से जनजागरण को व्यापक स्वरूप दिया जाएगा। नवनियुक्त चित्तौड़ प्रांत संयोजक गौरव सिंह भाला को संगठन विस्तार, प्रांत में कार्यकर्ताओं का नेटवर्क मजबूत करने तथा जनजागरण गतिविधियों को गति देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति से राजस्थान में ट्रस्ट के कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई गई है। गौरव सिंह भाला ने कहा कि श्री कृष्ण जन्मभूमि केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि करोड़ों हिंदुओं की आस्था और भगवान श्री कृष्ण की जन्मभूमि से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। आने वाले समय में इस संकल्प को समाज के बीच शांतिपूर्ण, संगठित और संवैधानिक तरीके से आगे बढ़ाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य किया जाएगा।ट्रस्ट का लक्ष्य राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों में संगठनात्मक आधार को मजबूत करना ओर श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति” के संकल्प को जनजागरण के माध्यम से व्यापक स्तर तक पहुंचाना है।

