संवाददाता बलवीर कुमार की रिपोर्ट
रायपुर मारवाड़। कस्बे के हरिपुर रोड़ स्थित अंबेडकर उद्यान के पीछे दशनाम गोस्वामी समाज की श्मशान भूमि तक जाने के लिए लंबे समय से उचित रास्ते की सुविधा नहीं होने से समाज के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
गोस्वामी समाज के लोगों ने बताया कि गणेश तालाब में पानी भर जाने के कारण पीछे स्थित समाधि स्थल तक पहुंचना काफी कठिन हो जाता है। समाज के लोग यहां सेवा-पूजा के लिए तथा किसी व्यक्ति के निधन होने पर अंतिम संस्कार व अन्य धार्मिक कार्यों के लिए आते-जाते हैं, लेकिन रास्ता नहीं होने से बड़ी समस्या बनी हुई है।। समाज के लोगों ने यह भी बताया कि हरिपुर रोड़ से अंबेडकर उद्यान के पीछे मुस्लिम समुदाय की ईदगाह भी स्थित है, जहां आने-जाने के लिए भी उचित मार्ग उपलब्ध नहीं है। इस समस्या के समाधान के लिए गोस्वामी समाज के प्रतिनिधियों ने रायपुर नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द पुलिया निर्माण करवाने की मांग की।
इस दौरान पदमपुरी गोस्वामी, श्यामपुरी गोस्वामी, देवेंद्र पुरी सहित समाज के अन्य लोग मौजूद रहे।

