बिजयनगर (ब्यावर) प्रदेश में चलाए जा रहे “शुद्ध आहार मिलावट पर वार” अभियान के तहत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की खाद्य सुरक्षा टीम ने गुरुवार को बिजयनगर में बड़ी कार्रवाई की। टीम के औचक निरीक्षण से बाजार के व्यापारियों में हड़कंप मच गया। इस दौरान टीम ने भारी मात्रा में बिना लेबल का संदिग्ध मिर्च पाउडर बरामद कर उसे सीज किया है।
बापू बाजार और फैक्ट्री क्षेत्र में कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल ने सबसे पहले बापू बाजार स्थित एक दुकान पर छापा मारा। यहाँ निरीक्षण के दौरान करीब 2200 किलो मिर्च पाउडर मिला, जिस पर न तो किसी कंपनी का नाम था और न ही कोई अनिवार्य लेबल। मिलावट के कड़े संदेह को देखते हुए टीम ने तत्काल प्रभाव से पूरे स्टॉक को सीज कर दिया। इसके बाद टीम कमला फैक्ट्री स्थित एक डेयरी पहुंची, जहां से पनीर के नमूने लिए गए।
जांच के लिए अजमेर भेजी रिपोर्ट
कार्रवाई के दौरान टीम ने मिर्च पाउडर और पनीर के सैंपल लिए हैं, जिन्हें विस्तृत जांच के लिए अजमेर स्थित लैब भेजा गया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।
”आमजन की सेहत से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि लैब रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होती है, तो संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
— खाद्य सुरक्षा दल
व्यापारियों में हड़कंप
जैसे ही खाद्य सुरक्षा टीम के बिजयनगर पहुंचने की खबर फैली, बापू बाजार सहित अन्य क्षेत्रों के कई दुकानदार अपनी दुकानों के शटर गिराकर खिसक गए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा ताकि त्योहारों और सामान्य दिनों में लोगों को शुद्ध खाद्य पदार्थ मिल सकें।

